नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस सरकार की एक साल की योजनाएं भाजपा पर भारी पड़ गईं। इस चुनाव में जहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव और वनमंत्री मोहम्मद अकबर के क्षेत्रों में कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल की, तो पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह आैर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के इलाके में भाजपा को करारी हार झेलनी पड़ी है। इतना ही नहीं रमन सिंह के गृह वार्ड शीतलामाता वार्ड (कवर्धा) में कांग्रेस को जीत मिली।
कौशिक के मल्हार नगर पंचायत में तो 6 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद जीते।बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी भी अपने इलाके में कांग्रेस को जीतने से रोक नहीं पाए। यह बात अलग है कि कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के कोंडागांव में ही पार्टी को भाजपा के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा। निकाय चुनाव के दौरान नगर निगमों, नगर पालिका आैर नगर पंचायतों में कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल की है। लेकिन मंत्रियों आैर विधायकों के इलाकों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृहग्राम पाटन में कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल की है वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह राजनांदगांव, कवर्धा की सीट नहीं बचा पाए।
इतना ही नहीं, रमन सिंह के अपने गृह वार्ड शीतला माता वार्ड में भी कांग्रेस को जीत मिली है। राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय का दुर्ग ढह गया। इसी तरह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी के कांकेर में कांग्रेस ने जीत हासिल की है तो वहीं नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की बोदरी, मल्हार, अजय चंद्राकर ने धमतरी, कुरूद, मगरलोड तक हार गए। राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम आैर केन्द्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह सरगुजा की नगर निगम नहीं बचा पाये। इसी तरह राजधानी में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और राजेश मूणत के वार्ड से भी भाजपा प्रत्याशी हार गए हैं।
इन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का कमजोर प्रदर्शन
- अभनपुर: धनेंद्र साहू विधायक हैं। यहां कुल 15 वार्ड में भाजपा को 10, निर्दलीय को 4 और कांग्रेस सिर्फ एक सीट जीती है।
- बिलाईगढ़: चंद्रदेव राय विधायक हैं। यहां 15 वार्ड में भाजपा को 7, निर्दलीय को 5 जबकि कांग्रेस को सिर्फ 3 सीट मिली है।
- अहिवारा : मंत्री व विधायक रुद्र गुरू हैं। 15 वार्ड में भाजपा को 10, कांग्रेस को 4 और एक सीट पर निर्दलीय को जीत मिली है।
- डौंडीलोहारा : मंत्री व विधायक अनिला भेड़िया हैं। 15 वार्ड में 7 निर्दलीय, 5 भाजपा और कांग्रेस तीन सीटों पर जीत सकी है।
- बेमेतरा : आशीष छाबड़ा विधायक हैं। 21 वार्ड में भाजपा को 12, कांग्रेस को 8 और एक निर्दलीय प्रत्याशी की जीत हुई है।
- महासमुंद : विनोद चंद्राकर विधायक हैं। 30 वार्ड में भाजपा 14, कांग्रेस 8, जोगी कांग्रेस 2, 5 निर्दलीय और आप 1 सीट पर जीती है।
- खल्लारी : द्वारिकाधीश यादव विधायक हैं। 15 वार्ड में भाजपा को 6, कांग्रेस को 4 और निर्दलियों को 5 सीटों पर जीत मिली है।
- सरायपाली: किस्मत लाल नंद विधायक हैं। 15 वार्ड में भाजपा 9 और कांग्रेस को 3 और निर्दलियों को 3 सीटों पर जीत मिली है।
- बसना : देवेंद्र बहादुर सिंह विधायक हैं। 15 वार्ड में 7 में निर्दलियों को, 5 में कांग्रेस को और 3 में भाजपा को जीत मिली है।
- राजिम : अमितेष शुक्ल विधायक हैं। 15 वार्ड में भाजपा को 6, कांग्रेस को 3, जोगी कांग्रेस 1 और 5 निर्दलीय जीते हैं।
- दंतेवाड़ा : देवती कर्मा विधायक हैं। 15 वार्ड में भाजपा को 8, निर्दलियों को 4 और कांग्रेस को सिर्फ 3 सीटों पर जीत मिली है।
- बस्तर : लखेश्वर बघेल विधायक हैं। 15 वार्डों में निर्दलियों ने 10, कांग्रेस ने 4 और भाजपा सिर्फ एक सीट पर जीती है।
- अंतगाढ़ : अनूप नाग विधायक हैं। 15 वार्डों में भाजपा को 7, कांग्रेस को 5 और निर्दलियों को 3 सीटों पर जीत मिली है।
- नगरी-सिहावा : लक्ष्मी ध्रुव विधायक हैं। 15 वार्डों में भाजपा 9 और कांग्रेस 6 सीटों पर जीत दर्ज कर सकी।
- जशपुर : विनय भगत विधायक हैं। 20 वार्ड में भाजपा को 16, निर्दलियों को 3 और सिर्फ 1 सीट पर कांग्रेस जीती है।
- पत्थलगांव : रामपुकार सिंह विधायक हैं। 15 वार्ड में 9 में भाजपा को, 5 में कांग्रेस को 1 में निर्दलीय को जीत मिली है।
- गुंडरदेही : कुंवर निषाद विधायक हैं। 15 वार्ड में भाजपा को 8, कांग्रेस को 6 और निर्दलीय को 1 सीट पर जीत मिली है।